Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-05

Saharanpur News: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर से हटाई गई मस्जिद, जिला कोर्ट से अर्जी खारिज होते ही प्रशासन ने लिया एक्शन

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को शनिवार को प्रशासन ने हटा दिया. यह कार्रवाई जिला जज न्यायालय से मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज होने के बाद की गई. कार्रवाई को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है.


मार्च 2025 में शुरू हुआ था विवाद
कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को लेकर करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा था. मार्च 2025 में बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने इस मामले में शिकायत की थी. शिकायत में मस्जिद के निर्माण और कलेक्ट्रेट परिसर के व्यावसायिक इस्तेमाल पर सवाल उठाए गए थे. मामला सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट पहुंचा. पिछले महीने सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्माण को अवैध बताते हुए मस्जिद हटाने का आदेश दिया था.

मुस्लिम पक्ष ने कोर्ट में दी थी चुनौती
सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ मुस्लिम पक्ष जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचा था. सुनवाई के दौरान कोर्ट से शुरुआती रोक भी मिली थी. शुक्रवार को जिला जज न्यायालय ने मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज कर दी. इसके बाद प्रशासन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्रवाई शुरू की. प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मस्जिद को हटा दिया.

इकरा हसन को घर पर रोका गया
कैराना से सपा सांसद इकरा हसन भी मामले की जानकारी लेने सहारनपुर पहुंचने वाली थीं. पुलिस ने उन्हें एहतियातन उनके घर पर ही रोक दिया. प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं.

मायावती ने कार्रवाई पर सवाल उठाए
बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कार्रवाई पर आपत्ति जताई. मायावती ने सरकार से धार्मिक स्थलों के मामलों में जल्दबाजी से कार्रवाई नहीं करने की अपील की. उन्होंने सभी धर्मों के प्रति संवैधानिक सम्मान बनाए रखने की बात कही. फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर से मस्जिद हटाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है. इलाके में स्थिति पर प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !