Jharkhand Politics: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शासन व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री की सरकार पर पकड़ कमजोर हो रही है और क्या राजनीतिक नेतृत्व प्रभावी तरीके से काम कर रहा है.
सुदेश महतो ने कहा कि हाल की घटनाओं से शासन व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कुछ वर्तमान और पूर्व वरिष्ठ अधिकारी पुराने फैसलों और सरकारी मामलों को लेकर मुख्यमंत्री पर दबाव बना रहे हैं.
सुदेश महतो ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि दोनों को मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं मिला, जिसके बाद मुख्य सचिव को ज्ञापन देना पड़ा. उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल कांग्रेस और झामुमो के प्रतिनिधिमंडलों को भी अपनी मांगों के लिए मुख्यमंत्री के बजाय मुख्य सचिव को ज्ञापन देना पड़ रहा है.
JPSC-JSSC मामलों पर भी घेरा
सुदेश महतो ने JPSC और JSSC से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए मुख्य सचिव कार्यालय के एक कर्मचारी की CID गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को इस मामले में क्या जानकारी मिली है, इसकी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए.
सुदेश महतो के मुताबिक, मुख्यमंत्री से विपक्ष और राजनीतिक सहयोगियों की मुलाकात नहीं होना राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है.