Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-05

Tata Sons Chairman: टाटा संस के नए चेयरमैन की तलाश तेज, टी.वी. नरेंद्रन, सौरभ अग्रवाल और आशीष चौहान रेस में आगे

Tata Sons Chairman: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस रेस में टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन, टाटा संस के ग्रुप CFO सौरभ अग्रवाल और NSE के एमडी एवं सीईओ आशीष चौहान के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं. हालांकि, अभी किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है.

फरवरी 2027 में छोड़ेंगे पद
एन चंद्रशेखरन ने 2017 में Tata Sons की कमान संभाली थी. वह फिलहाल अपने दूसरे कार्यकाल में हैं और 20 फरवरी 2027 को कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ने की घोषणा कर चुके हैं. इसके बाद समूह की कमान किसे मिलेगी, इसे लेकर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. Tata Sons के बोर्ड और टाटा ट्रस्ट्स की भूमिका इस नियुक्ति में अहम मानी जा रही है.

नरेंद्रन सबसे मजबूत आंतरिक दावेदार
टी.वी. नरेंद्रन को टाटा समूह के भीतर सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है. वह लंबे समय से टाटा स्टील से जुड़े हैं और एक दशक से अधिक समय से कंपनी के CEO एवं MD हैं. नरेंद्रन के पास बड़े औद्योगिक कारोबार को संभालने का लंबा अनुभव है. हालांकि, Tata Sons के स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों में फैले कारोबार और पूंजी आवंटन को संभालना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी.

सौरभ अग्रवाल भी रेस में
सौरभ अग्रवाल वित्त और रणनीति के अनुभव के साथ इस दौड़ में शामिल हैं. वह 2017 में Tata Sons से जुड़े थे और फिलहाल कार्यकारी निदेशक के साथ ग्रुप CFO की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनकी भूमिका पूंजी आवंटन, निवेश संबंधी फैसलों और समूह के अलग-अलग कारोबारों के पोर्टफोलियो से जुड़ी है. ऐसे में उन्हें वित्त-केंद्रित आंतरिक विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.

आशीष चौहान हो सकते हैं चौंकाने वाला नाम
NSE के एमडी और सीईओ आशीष चौहान का नाम इस रेस में बाहरी उम्मीदवार के तौर पर सामने आया है. उन्हें पूंजी बाजार, टेक्नोलॉजी और बड़े संस्थानों के संचालन का लंबा अनुभव है. चौहान NSE के शुरुआती दौर से जुड़े रहे हैं और BSE के MD एवं CEO की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. हालांकि, Tata Sons जैसी विशाल होल्डिंग कंपनी के कई अलग-अलग कारोबारों को संभालना उनके लिए नई चुनौती होगी.

नोएल टाटा समेत कई नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा को अंतरिम चेयरमैन बनाए जाने की संभावना पर भी विचार हो सकता है. इसके अलावा टाटा समूह की ग्रुप चीफ डिजिटल ऑफिसर आरती सुब्रमण्यन, टाटा मोटर्स के CEO शैलेश चंद्र और टाटा पावर के CEO प्रवीर सिन्हा के नाम भी चर्चा में हैं.

अंतिम फैसला अभी बाकी
उत्तराधिकारी चयन की प्रक्रिया जारी है और किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सूत्रों के मुताबिक, आने वाले महीनों में चयन समिति प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी. नए चेयरमैन के सामने टाटा समूह के कई बड़े कारोबारों, नए निवेश और पूंजी आवंटन से जुड़े फैसलों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !