Seraikela News: सरायकेला के ईचागढ़ प्रखंड में सालगाडीह और कारनीडीह गांव के बीच कच्ची सड़क और गहरे सरकारी नाले के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. करीब 250 मीटर लंबे कच्चे रास्ते के बीच बने नाले को पार करना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है. ग्रामीणों ने विधायक को आवेदन देकर सड़क और पुलिया निर्माण की मांग की है.
250 मीटर रास्ता अब भी कच्चा
ग्रामीणों के अनुसार, सालगाडीह में सीताराम कुम्हार के घर से कारनीडीह निवासी फजिता गोराई के घर तक करीब 250 मीटर रास्ते का निर्माण नहीं हुआ है. इसी रास्ते के बीच करीब 50 फीट चौड़ा और 4 से 5 फीट गहरा सरकारी नाला है. इसमें लगातार पानी बहने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है.
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने के साथ कच्चा रास्ता भी कीचड़ में बदल जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति में स्कूली बच्चों को नाला पार कर स्कूल जाने में काफी जोखिम उठाना पड़ता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह रास्ता आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. सड़क खराब होने से रोजमर्रा के आवागमन पर भी असर पड़ता है.
विधायक से सड़क-पुलिया की मांग
समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों ने ईचागढ़ विधायक को आवेदन सौंपा है. उन्होंने करीब 250 मीटर पक्की सड़क बनाने और सरकारी नाले पर जरूरत के मुताबिक पुलिया निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया बनने से लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी सालभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.
जल्द पहल की उम्मीद
आवेदन देने वालों में जितेंद्र नाथ कुम्हार, गया प्रसाद कुम्हार, शरणेंद्र नाथ कुम्हार और भुतेश चंद्र कुम्हार समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे. ग्रामीणों ने जनहित की इस समस्या को देखते हुए सड़क और पुलिया निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है.