Jharkhand News: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने अब अपने ऊपर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है. JPSC-JSSC के प्रतिनिधि राहुल क्रांति और रूपेश कुमार पाल ने 5 सितंबर को मुख्यमंत्री सचिवालय में मांग पत्र सौंपकर सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं.
आंदोलन के दौरान दर्ज FIR हटाने की मांग
छात्रों का कहना है कि पेपर लीक, OMR शीट लीक और लेन-देन जैसी कथित अनियमितताओं के खिलाफ उन्होंने 26 दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया था. प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों की आवाज दबाने के लिए अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई. मांग पत्र में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे जल्द वापस लेने की अपील की गई है.
लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की मांग
छात्र प्रतिनिधियों ने आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज करने वाले जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की है. इसके अलावा वर्ष 2014 से अब तक JPSC और JSSC की ओर से आयोजित परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई गई है.
छात्रों ने सरकार से इस मामले में CBI जांच की अनुशंसा करने की भी अपील की है. अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर क्या फैसला लेती है.