Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया है. उनके निधन से पार्टी और झारखंड के राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है. हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं साझा कीं. उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन की खबर को स्वीकार करना उनके लिए बहुत मुश्किल है.
मुख्यमंत्री ने कहा :- सोनू सिर्फ साथी नहीं, बड़े भाई जैसे थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य सोनू उनके लिए केवल एक राजनीतिक साथी नहीं थे. उनका रिश्ता परिवार जैसा था. वे उन्हें बड़े भाई की तरह प्यार करते थे. साथ ही हर मुश्किल समय में उन्हें सही राह दिखाते थे. हेमंत सोरेन ने कहा कि सोनू हमेशा उनके साथ खड़े रहे. उनके जाने से जीवन में एक बड़ा खालीपन आ गया है.
झारखंड आंदोलन से जुड़े रहे सोनू
मुख्यमंत्री ने सुदिव्य सोनू के झारखंड आंदोलन से जुड़े रहने को भी याद किया. उन्होंने कहा कि सोनू भैया ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ मिलकर काम किया. वे आंदोलन के समय से ही पूरी निष्ठा के साथ जुड़े रहे. झारखंड के हक और स्वाभिमान की लड़ाई में उन्होंने अपना पूरा जीवन लगा दिया. हेमंत सोरेन ने कहा, हमेशा याद रहेंगे सोनू मुख्यमंत्री ने कहा कि जिंदगी बहुत क्षणभंगुर है. कल तक जो आवाज उनके साथ थी, वह अब यादों में रह गई है. उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए सुदिव्य सोनू का समर्पण हमेशा याद किया जाएगा. उनके निधन से जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा.