Hazaribagh: हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल के मासूम की जान चली गई. गोरहर पुल के पास पीछे से आए कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी. बाइक पर बच्चे के पिता और दादी भी सवार थे. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
अटका बगोदर निवासी उमेश कुमार अपने तीन साल के बेटे शिवम कुमार और मां गीता देवी के साथ बाइक से गोरहर गांव जा रहे थे. परिवार एक चिकित्सक से इलाज कराने के लिए निकला था. इसी दौरान गोरहर पुल के पास बाइक सड़क पर बने गड्ढे की वजह से अचानक असंतुलित हो गई. बाइक संभल पाती, इससे पहले पीछे से आ रहे कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी.
तेज टक्कर ने छीन ली मासूम की जिंदगी
कंटेनर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन साल के शिवम कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में उमेश कुमार और उनकी मां गीता देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया. गीता देवी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया. मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.