Adityapur: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-7 स्थित CTC प्रीसीजन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में 8 सितंबर को राज्यपाल के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. रविवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कंपनी परिसर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा. मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए.
राज्यपाल के रूट और कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल के संभावित आगमन और प्रस्थान के रास्ते की जानकारी ली गई. इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल, वाहनों की पार्किंग और अतिथियों के प्रवेश व निकास की व्यवस्था भी देखी गई. पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया. साथ ही यातायात को इस तरह व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया, जिससे आम लोगों और औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले वाहनों को परेशानी न हो.
विभागों को समय पर जिम्मेदारी पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारी के अनुसार व्यवस्था पूरी करने को कहा गया है. उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी काम पूरा करने का निर्देश दिया.
आसपास के इलाकों में भी रहेगी पुलिस की नजर
वहीं, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का आकलन किया जा रहा है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी. निरीक्षण के दौरान डीडीसी रीना हांसदा, एसडीएम अभिनव प्रकाश, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी सिंह, डीपीआरओ अविनाश कुमार, नजारत प्रभारी समेत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.