Jharkhand Police Strike Postponed: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 8 सितंबर से प्रस्तावित राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन को फिलहाल टाल दिया है. एसोसिएशन ने यह फैसला मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद लिया. आंदोलन को लेकर रविवार को पुरानी पुलिस लाइन स्थित केंद्रीय कार्यालय में विशेष बैठक बुलाई गई थी. प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल हुए.
9 सूत्री मांगों पर होना था आंदोलन
पुलिस एसोसिएशन ने अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर 8 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी की थी. इस अभियान को झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन, मेन्स एसोसिएशन, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ और सेवानिवृत्त पुलिस एसोसिएशन का भी समर्थन मिला था. विशेष बैठक में आंदोलन की अंतिम रूपरेखा पर चर्चा होनी थी. लेकिन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर के बाद पदाधिकारियों ने आंदोलन स्थगित करने पर सहमति जताई.
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान पुलिस एसोसिएशनों के निर्वाचित पदाधिकारियों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
एसोसिएशन के महामंत्री संजीव कुमार ने बताया कि आंदोलन की अगली रणनीति और नई तारीखों पर फैसला बाद में होने वाली बैठक में लिया जाएगा. फिलहाल 8 सितंबर से शुरू होने वाला आंदोलन अगले आदेश तक स्थगित रहेगा.