Bihar News: बिहार के पूर्णिया में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टीकापट्टी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार महिला और दो पुरुष तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 किलो 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
गुप्त सूचना के बाद बनाई गई विशेष टीम
पुलिस को इलाके में स्मैक की एक बड़ी खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद SSP डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ धमदाहा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सूचना के आधार पर टीकापट्टी थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की लगातार तलाशी ले रही थी।
रात साढ़े 12 बजे कार की जांच में मिली खेप
वाहन जांच के दौरान देर रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। कार में चार महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलो 130 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
बरामद मादक पदार्थ और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके साथ ही कार में सवार सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तस्करों के आपराधिक रिकॉर्ड की हो रही जांच
पूर्णिया के ASP आलोक रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ कथित तस्करों के एक गिरोह को पकड़ा गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। ASP के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस उनके पुराने मामलों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है।