BCCL Coal Dispatch: पावर प्लांटों में कोयले की बढ़ती जरूरत को देखते हुए BCCL यानी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने सप्लाई बढ़ाने का फैसला किया है. पाथरडीह वाशरी से अब रोजाना एक की जगह तीन रेक वाश्ड पावर कोल भेजने की तैयारी है. इससे बिजलीघरों तक समय पर कोयला पहुंचाने में मदद मिलेगी.
CMD ने पाथरडीह वाशरी का किया निरीक्षण
BCCL के CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने पाथरडीह वाशरी का दौरा किया. उन्होंने वहां की पूरी व्यवस्था देखी और अधिकारियों से जानकारी ली.
CMD ने सप्लाई बढ़ाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पावर सेक्टर की जरूरत पूरी करने के लिए उत्पादन और कोयला भेजने की व्यवस्था बेहतर करनी होगी.
पांच बड़ी खदानों का भी लिया जायजा
पाथरडीह पहुंचने से पहले CMD ने सिजुआ क्षेत्र की पांच खदानों का निरीक्षण किया. इनमें अमलगमेटेड सेंद्रा बांसजोड़ा, निचितपुर, तेतुलमारी, मुदीडीह और कनकनी माइंस शामिल हैं. उन्होंने खदानों में चल रहे काम और उत्पादन की स्थिति देखी. मशीनों के इस्तेमाल और काम में आ रही परेशानियों की भी जानकारी ली. अधिकारियों को काम में आने वाली दिक्कतों को जल्द दूर करने को कहा गया.
उत्पादन के साथ समय पर सप्लाई पर जोर
CMD ने कहा कि सिर्फ कोयला उत्पादन बढ़ाना ही काफी नहीं है. तैयार कोयला समय पर बिजलीघरों तक पहुंचना भी जरूरी है. इसके लिए माइंस, वाशरी और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था में बेहतर तालमेल बनाने को कहा गया. डिस्पैच में जहां भी परेशानी आ रही है, उसे जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए.
रोज 3 रेक भेजने की तैयारी
पाथरडीह वाशरी से रोजाना तीन रेक कोयला भेजने की व्यवस्था जल्द मजबूत करने को कहा गया है. बिजली की बढ़ती मांग के बीच BCCL का यह कदम पावर प्लांटों तक कोयले की सप्लाई बनाए रखने में अहम माना जा रहा है. CMD ने अधिकारियों को रोजाना की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है. साथ ही किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं. निरीक्षण के दौरान सिजुआ और लोदना क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों समेत BCCL के कई अधिकारी मौजूद रहे.