National News: देश में जरूरी खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद और प्रवक्ता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर महंगाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लगातार बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और त्योहारों के दौरान घरेलू खर्च और बढ़ गया है।
जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में रसोई में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी चीजों की कीमतों का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि प्याज की थोक कीमतें महज तीन सप्ताह में दोगुनी हो गई हैं, जबकि चीनी के दाम में करीब 25 फीसदी की वृद्धि हुई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अरहर और उड़द दाल के साथ सरसों व रिफाइंड तेल की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि त्योहारों से पहले ड्राई फ्रूट्स की कीमतें भी बढ़ी हैं। इनमें बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश और अखरोट शामिल हैं।
दूध-चीनी महंगी होने से मिठाइयों पर भी असर
जयराम रमेश ने दूध और चीनी के बढ़ते दामों को मिठाइयों की कीमतों से जोड़ते हुए कहा कि इसका सीधा असर त्योहारों के खर्च पर पड़ रहा है। उन्होंने घी और मसालों की कीमतों में वृद्धि का भी दावा किया।
कांग्रेस सांसद ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच रसोई का खर्च और त्योहारों की लागत दोनों बढ़ रहे हैं, जिससे परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
आंकड़ों के जरिए महंगाई छिपाने का आरोप
जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने के बजाय आंकड़ों के जरिए इसकी वास्तविक स्थिति को कम दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिर्फ आंकड़ों के सहारे बढ़ती कीमतों के असर को छिपाया नहीं जा सकता और आम जनता महंगाई का असर सीधे महसूस कर रही है।