Indian U-20 Football Team: भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम ने ताशकंद में शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 साल बाद AFC U-20 एशियन कप के मुख्य टूर्नामेंट में जगह बना ली. भारत ने अपने आखिरी ग्रुप-B क्वालीफायर मुकाबले में बांग्लादेश को 3-0 से हराया. इसके बाद उज्बेकिस्तान ने सीरिया को भी 3-0 से मात दी, जिससे भारत की राह साफ हो गई.
ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर भारत
क्वालीफायर में भारत ने तीन मैचों से छह अंक जुटाए और ग्रुप-B में दूसरे स्थान पर रहा. उज्बेकिस्तान नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा. भारत ने सात सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में जगह बनाकर एशियन कप का टिकट हासिल किया.
तीन गोल से पक्की हुई जीत
बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए डैनी मीतेई लैशराम ने 25वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद विशाल यादव ने 60वें मिनट में गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया. मैच के 79वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी एमडी अरबाश ने तीसरा गोल किया. इसके साथ भारत ने मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया. यह क्वालीफायर अभियान में भारत की दूसरी जीत रही.
2006 के बाद मिली बड़ी कामयाबी
भारत ने आखिरी बार 2006 में AFC U-20 एशियन कप के मुख्य टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था. इसके बाद टीम को मुख्य प्रतियोगिता में जगह बनाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. अब 20 साल बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर इस टूर्नामेंट में वापसी की है. AFC U-20 एशियन कप 2027 का आयोजन चीन में होना है. टूर्नामेंट 24 मार्च से 10 अप्रैल 2027 तक खेला जाएगा. इस प्रतियोगिता की शीर्ष चार टीमें FIFA U-20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी.