Deoghar News: साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पालोजोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर कथित तौर पर साइबर ठगी में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी
पुलिस को सूचना मिली थी कि पालोजोरी इलाके में कुछ लोग Flipkart और Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि तथा Airtel Payments Bank के अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। आरोप है कि साइबर अपराधी PM किसान योजना का लाभ दिलाने के नाम पर आम लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी कर रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर देवघर एसपी प्रवीन पुष्कर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने पालोजोरी थाना क्षेत्र में दबिश देकर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है।
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर के पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार और पालोजोरी थाना प्रभारी की टीम शामिल रही।