Jharkhnad News: झारखंड में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद पूरे राज्य में शोक का माहौल है. इसका असर 8 सितंबर को होने वाले गुवा शहीद दिवस कार्यक्रम पर भी पड़ा है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब गुवा में केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने जाएंगे. उनकी जनसभा और परिसंपत्ति वितरण का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है.
गुवा में अब नहीं होगी बड़ी सभा
पहले गुवा मैदान में मुख्यमंत्री की बड़ी श्रद्धांजलि सभा होनी थी. इसके साथ लोगों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होना था. राज्य में शोक को देखते हुए प्रशासन ने इन सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है. अब मुख्यमंत्री का दौरा काफी छोटा रखा गया है.
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12:30 बजे रांची से हेलीकॉप्टर से गुवा के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1 बजे सेल हेलीपैड पहुंचने के बाद शहीद स्थल जाएंगे. वहाँ पहुंच वह 8 सितंबर 1980 के गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री सेल हेलीपैड लौटेंगे और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद करीब 1:30 तक रांची के लिए रवाना होंगे.
पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. सेल हेलीपैड से लेकर शहीद स्थल और बिरसा चौक तक पुलिस बल तैनात रहेगा. इस पूरे रास्ते पर यातायात को लेकर भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री का दौरा अब केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित रहेगा. जनसभा और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे.