Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-08

Durga Puja 2026: जमशेदपुर और आदित्यपुर में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारियां, पंडालों में दिखेगी बनारस के गंगा घाट से अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर तक की झलक

Durga Puja 2026 Jamshedpur: दुर्गा पूजा में अब करीब एक महीने का वक्त बचा है और शहर के पूजा पंडालों में तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार जमशेदपुर और आदित्यपुर में पूजा के साथ लोगों को अलग-अलग जगहों और कल्पनाओं की झलक भी देखने को मिलेगी. कहीं बनारस का गंगा आरती घाट नजर आएगा, तो कहीं अमेरिका का मंदिर. किसी पंडाल में हजारों हांडियां सजेंगी, तो कोई प्लास्टिक की बोतलों से तैयार होकर पर्यावरण का संदेश देगा.

सिदगोड़ा में दिखेगा बनारस का गंगा घाट
सबसे पहले बात सिदगोड़ा दुर्गा पूजा पंडाल की. इस बार यहां पहुंचने पर श्रद्धालुओं को बनारस के गंगा आरती घाट जैसा नजारा देखने को मिलेगा. करीब 60 फीट ऊंचा यह पंडाल लगभग 15 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है. इसे बनाने के लिए पश्चिम बंगाल के हुगली से कारीगर पहुंचे हैं.



काशीडीह में 30 हजार हांडियों का नजारा
काशीडीह का पूजा पंडाल इस बार अपने अलग अंदाज के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा. यहां मिट्टी और हांडी की थीम पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल में 30 हजार से ज्यादा हांडियों का इस्तेमाल किया जाएगा. करीब 25 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस पंडाल को पश्चिम बंगाल के दीघा से आए करीब 30 कारीगर तैयार कर रहे हैं.



आदित्यपुर में पहाड़ के अंदर बनेगा मंदिर
अब रुख करते हैं आदित्यपुर के मलकान सिंह पूजा पंडाल का. यहां इस बार श्रद्धालुओं को एक कल्पनाशील दृश्य देखने को मिलेगा. पंडाल में पहाड़ के अंदर मंदिर का स्वरूप तैयार किया जा रहा है. इसकी ऊंचाई करीब 70 फीट होगी और निर्माण पर 25 से 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसे तैयार करने के लिए कोलकाता और मेदिनीपुर से कारीगर बुलाए गए हैं.



S Type में 90 फीट ऊंचा दिखेगा अमेरिका का मंदिर
आदित्यपुर का S Type पूजा पंडाल इस बार अपनी ऊंचाई के कारण भी खास रहेगा. करीब 90 फीट ऊंचे इस पंडाल में अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की झलक दिखाई जाएगी. पंडाल को क्रिस्टल और कांच से सजाया जाएगा. करीब 50 लाख रुपये की लागत वाले इस पंडाल को मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल के लगभग 30 कारीगर तैयार कर रहे हैं.



एग्रिको में दिखेगा Temple of Juno
एग्रिको का दुर्गा पूजा पंडाल भी इस बार विदेशी थीम पर तैयार हो रहा है. करीब 60 से 65 फीट ऊंचे पंडाल में अमेरिका के Temple of Juno का स्वरूप दिखाने की तैयारी है. इस पंडाल को बनाने में करीब 15 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. मेदिनीपुर से आए करीब 20 कारीगर इसके निर्माण में जुटे हैं.



टूइलाडुंगरी में प्लास्टिक से बनेगा काल्पनिक महल
टूइलाडुंगरी का पूजा पंडाल इस बार सबसे अलग संदेश देता नजर आएगा. यहां एक काल्पनिक महल का स्वरूप तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि इसके निर्माण में प्लास्टिक की बोतलों और दूसरे प्लास्टिक सामान का इस्तेमाल किया जा रहा है. करीब 15 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस पंडाल को तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से 40 से 50 कारीगर पहुंचे हैं.



इस बार पूजा के साथ दिखेगी थीम की दुनिया
जमशेदपुर और आदित्यपुर में बन रहे ये पंडाल सिर्फ पूजा के लिए तैयार किए जा रहे ढांचे नहीं हैं. इनके जरिए आयोजक शहर के लोगों को अलग-अलग संस्कृति, वास्तुकला और कल्पना की दुनिया दिखाने की तैयारी में हैं.

अब जैसे-जैसे दुर्गा पूजा करीब आएगी, इन पंडालों का निर्माण भी अंतिम दौर में पहुंचेगा. पूजा के दिनों में शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले लोगों की नजर भी इन खास पंडालों पर रहेगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !