Shubman Gill Birthday: कभी पंजाब के खेतों में पिता से रोज सैकड़ों गेंदें खेलने वाला एक छोटा सा बच्चा आज टीम इंडिया की कमान संभाल रहा है. शुभमन गिल 8 सितंबर को अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं. फाजिल्का के छोटे से गांव से शुरू हुआ उनका सफर मेहनत, परिवार के त्याग और क्रिकेट के जुनून की ऐसी कहानी है, जिसने उन्हें भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों में शामिल कर दिया.
पिता ने खेत में तैयार कराई पिच
शुभमन के पिता लखविंदर सिंह किसान हैं और खुद भी क्रिकेट खेलना चाहते थे. बेटे का हुनर देखकर उन्होंने खेत में ही क्रिकेट पिच तैयार कराई. वह रोज शुभमन को 500 से 700 गेंदें फेंकते थे. आउट करने वाले गांव के गेंदबाज को 100 रुपये देने की चुनौती भी रखी गई थी. यहीं से शुभमन की बल्लेबाजी मजबूत होती गई.
2007 में मोहाली पहुंचा परिवार
बेहतर क्रिकेट सुविधाओं के लिए परिवार 2007 में मोहाली शिफ्ट हो गया. PCA स्टेडियम के पास किराए के घर में रहकर शुभमन ने क्रिकेट पर ध्यान दिया. स्कूल ने भी उनके खेल को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग किया.
12 साल की उम्र में दोहरा शतक
शुभमन ने 12 साल की उम्र में पंजाब अंडर 16 के लिए खेलते हुए दोहरा शतक लगाया. इंटर डिस्ट्रिक्ट मैच में उन्होंने 351 रन बनाए. निर्मल सिंह के साथ 587 रन की साझेदारी भी की. इसके बाद 2018 अंडर 19 वर्ल्ड कप में 418 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने. फिर IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें मौका दिया.
गाबा से कप्तानी तक का सफर
2020-21 के गाबा टेस्ट में शुभमन ने 91 रन की अहम पारी खेली. इस पारी ने भारत की ऐतिहासिक जीत में बड़ी भूमिका निभाई. इसके बाद उन्होंने वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन की पारी खेलकर दोहरा शतक लगाया. अब कप्तानी में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कप्तान के तौर पर 754 रन बनाकर उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड बनाया. फाजिल्का के खेतों से शुरू हुआ शुभमन का सफर अब टीम इंडिया की कप्तानी तक पहुंच चुका है. उनकी कहानी मेहनत और परिवार के त्याग की मिसाल है.