Jharkhand Congress: कांग्रेस ने SIR को लेकर भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और किसानों-युवाओं के सवालों से ध्यान भटकाने के लिए डर का माहौल बना रही है. राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा हर मुसलमान को घुसपैठिया और अधिकारियों को विपक्ष का एजेंट बताने लगी है. उन्होंने कहा कि नागरिकता या वोटर लिस्ट को लेकर किसी व्यक्ति पर वास्तविक आपत्ति है, तो कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
कांग्रेस नेता ने भाजपा के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया है कि RO ने Form-7 लेने से पहले ही इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अगर इसका कोई प्रमाण है तो उसे चुनाव आयोग के सामने रखा जाना चाहिए. सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाने से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े नहीं किए जा सकते.
राकेश सिन्हा ने साहिबगंज, पाकुड़ और दुमका के कुछ मामलों का हवाला देते हुए कहा कि किसी एक मामले के आधार पर पूरे समुदाय की नागरिकता पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि बिना सबूत किसी व्यक्ति को घुसपैठिया कहना सही नहीं है. कांग्रेस ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है और अधिकारियों की नीयत पर बिना प्रमाण सवाल उठाने से बचना चाहिए.
कांग्रेस नेता ने भाजपा से कहा कि अगर उसके पास कथित घुसपैठियों को लेकर ठोस जानकारी है तो नाम, पता, सबूत और कार्रवाई का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए. केवल आरोप लगाने से किसी भारतीय की नागरिकता तय नहीं हो जाती.