Rahul Gandhi Flight: दिल्ली से लखनऊ आ रही Air India की फ्लाइट AI 1717 को लैंडिंग से ठीक पहले गो अराउंड करना पड़ा. विमान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई यात्री सवार थे. यह घटना लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई. विमान रनवे के काफी करीब पहुंच चुका था, तभी पायलट ने लैंडिंग रोकने का फैसला लिया.
लैंडिंग से पहले विमान का एप्रोच बिगड़ा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली बार लैंडिंग के दौरान विमान का एप्रोच अनस्टेबल हो गया था. इसी दौरान यात्रियों ने विमान में तेज झटका महसूस किया. स्थिति को देखते हुए पायलट ने कोई जोखिम नहीं लिया. उन्होंने तुरंत विमान को दोबारा ऊपर ले जाने का फैसला किया.
दूसरी कोशिश में सुरक्षित उतरा विमान
पायलट ने कुछ देर बाद विमान का दोबारा एप्रोच बनाया. दूसरी कोशिश में फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया. विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. एयरपोर्ट पर भी स्थिति सामान्य रही.
दिल्ली से तय समय पर रवाना हुई थी फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, Air India की फ्लाइट AI 1717 ने दिल्ली से दोपहर 2:20 बजे उड़ान भरी थी. विमान को शाम करीब 3:30 बजे लखनऊ पहुंचना था. इसी दौरान लैंडिंग से ठीक पहले गो अराउंड करना पड़ा. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विमान दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंड कर गया. घटना को लेकर पायलट के फैसले को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.