Jamshedpur News: पंजाब के गुरदासपुर में हुए डबल मर्डर केस के बाद फरार चल रहे टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान तरसेम सिंह सेमे और उसके भतीजे हरजोत सिंह की तलाश में पंजाब पुलिस ने जमशेदपुर के कई इलाकों में छापेमारी की. सिदगोड़ा पुलिस के सहयोग से मंगलवार को दोनों से जुड़े कई संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला.
जमशेदपुर में पंजाब पुलिस का डेरा
दोनों आरोपियों के शहर में छिपे होने की आशंका को देखते हुए पंजाब पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. इसी क्रम में सिदगोड़ा पुलिस की मदद से कई स्थानों पर दबिश दी गई.
10 नंबर बस्ती में आवास की तलाशी
पुलिस टीम ने सुखिया रोड स्थित 10 नंबर बस्ती में तरसेम सिंह के आवास नंबर-4 की तलाशी ली. इसके अलावा आकाशदीप प्लाजा के पीछे विजयनगर स्थित एक मेडिकल दुकान समेत अन्य संभावित ठिकानों पर भी जांच की गई.
छापेमारी में नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों को खंगाला, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले. पुलिस अब शहर में उनके संपर्कों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
12 मई को हुआ था डबल मर्डर
मामला 12 मई 2026 का है. गुरदासपुर के काहनूवान थाना क्षेत्र के नैणेकोट गांव में अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी. पुलिस जांच में हत्या के पीछे पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी.
चार लोगों को बनाया गया था आरोपी
इस मामले में पंजाब पुलिस ने तरसेम सिंह, अमरजीत सिंह उर्फ अम्बे, हरजोत सिंह और मनप्रीत कौर को नामजद किया था. पुलिस के मुताबिक, अमरजीत सिंह और मनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
दो आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
वहीं तरसेम सिंह सेमे और हरजोत सिंह अब तक फरार बताए जा रहे हैं. पंजाब पुलिस दोनों की तलाश में अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है. जमशेदपुर में हुई ताजा छापेमारी भी इसी कार्रवाई का हिस्सा बताई जा रही है.