Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बुधवार को म्यूचुअल फंड में निवेश के नाम पर एक ही परिवार की तीन महिलाओं से करीब 9 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि संतोष कुमार ने बेहतर रिटर्न और तय समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उनसे पैसे लिए.
तीन महिलाओं ने लगाए थे पैसे
पीड़ित महिला के अनुसार, परिवार की तीन महिलाओं ने मिलकर करीब 9 लाख रुपये निवेश किए थे. इसमें उन्होंने 8 लाख रुपये, पूजा देवी ने 50 हजार रुपये और सोनी देवी ने भी 50 हजार रुपये लगाए थे.
महिला का कहना है कि वह करीब 10 साल से संतोष कुमार के संपर्क में थी. पहले उसके माध्यम से निवेश करने पर उन्हें करीब 5 लाख रुपये की रकम वापस भी मिली थी. इसी भरोसे के कारण परिवार ने दोबारा पैसे लगाए.
15 प्रतिशत रिटर्न का दिया था भरोसा
महिला का आरोप है कि संतोष कुमार लोगों को म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए कहता था. वह कथित तौर पर 15 प्रतिशत रिटर्न और पांच साल में पैसा दोगुना करने का भरोसा देता था. लेकिन अब रकम के बारे में जानकारी लेने पर संतोष कुमार के नहीं मिलने की बात सामने आई.
करीब 50 लोगों के पैसे फंसने का दावा
पीड़ित महिला का दावा है कि संतोष कुमार के माध्यम से कई अन्य लोगों ने भी पैसे लगाए हैं. महिला के अनुसार, करीब 50 लोगों के पैसे फंसे होने की जानकारी सामने आ रही है. मामले को लेकर कुछ लोगों ने सिदगोड़ा थाना में आवेदन दिया है. पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी लिखित शिकायत देने को कहा है, ताकि उनके मामलों को भी जांच में शामिल किया जा सके.