Ranchi: पूर्व मंत्री और तमाड़ के तत्कालीन विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर की भूमिका को लेकर रांची सिविल कोर्ट में बहस शुरू हो गई है. NIA के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में मामले की सुनवाई हुई. अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी.
कई आरोपी मामले में नामजद
इस हत्याकांड में राजा पीटर के अलावा पूर्व नक्सली कुंदन पाहन, बलराम साहू उर्फ बोलो, राम मोहन सिंह मुंडा, कृष दांगी उर्फ सुशील दांगी, राजेश संथाल उर्फ राजेश दा, राधेश्याम बड़ाइक, प्रफुल्ल कुमार महतो उर्फ भक्ति महतो, टिपरू बुरमा और शेष नाथ सिंह समेत अन्य आरोपी हैं. पिछली सुनवाई के दौरान राजा पीटर को छोड़कर बाकी आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई थी.
2008 में फुटबॉल मैच के दौरान हुई थी हत्या
रमेश सिंह मुंडा की 9 जुलाई 2008 को बुंडू में एक फुटबॉल मैच के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना को नक्सली हमले के तौर पर दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA को सौंप दी गई.
NIA ने की साजिश की जांच
बुंडू थाना में इस घटना को लेकर कांड संख्या 65/2008 दर्ज की गई थी. बाद में NIA ने मामले को अपने हाथ में लेकर कांड संख्या 1/2017 के तहत जांच शुरू की. जांच के दौरान NIA ने हत्याकांड की कथित साजिश और उससे जुड़े पहलुओं की पड़ताल करते हुए कई साक्ष्य जुटाए.
2016 में राम मोहन सिंह मुंडा गिरफ्तार
NIA ने इस मामले में पूर्व नक्सली राम मोहन सिंह मुंडा को 8 जुलाई 2016 को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद से वह लगातार न्यायिक हिरासत में है. अब अदालत में राजा पीटर की भूमिका को लेकर बहस शुरू हो चुकी है. अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी.