Purulia: पुरुलिया में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. अयोध्या पहाड़ की तराई के गांवों और जंगल से लगे इलाकों में संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई लुकाइचाटानी, हैदेलबेड़ा, सालुनी और घाटबेड़ा इलाके में की गई. टीम ने जंगल के अंदर चल रही पांच अवैध महुआ शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया.
1800 लीटर वाश किया गया नष्ट
छापेमारी के दौरान मौके पर करीब 1800 लीटर किण्वित वाश मिला. टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया. इसके अलावा करीब 60 लीटर तैयार अवैध चुलाई देशी शराब जब्त की गई. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली 10 बड़ी हांड़ी और अन्य बर्तन भी टीम ने जब्त किए.
पहले नक्सली गतिविधियों से प्रभावित था इलाका
बताया जाता है कि अयोध्या पहाड़ की तराई का यह इलाका पहले नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहा है. उस समय यहां कई जगहों पर अवैध महुआ शराब की भट्टियां चलने की बात सामने आती थी. अब इलाके में कानून व्यवस्था बेहतर होने के बाद पुलिस और प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं.
आबकारी विभाग ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले में आबकारी विभाग ने नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब का निर्माण और तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. जिला पुलिस के अनुसार, जन सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.