Jamtara News: जामताड़ा जिले के नारायणपुर अंतर्गत कोरीडीह वन पंचायत के मोहड़ार तालाब में शुक्रवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय जहारुद्दीन अंसारी उर्फ दुलिया के रूप में हुई है. वह मछली पकड़ने का काम करता था.
गुरुवार रात घर से निकला था
जानकारी के अनुसार, जहारुद्दीन गुरुवार रात करीब 9 बजे मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने मोहड़ार तालाब में उसका शव देखा. इसके बाद गांव में इसकी जानकारी फैल गई.
पुलिस ने तालाब से शव निकाला
सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने शव को तालाब से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर थाने ले गए. स्थानीय निवासी समसुल अंसारी ने बताया कि सुबह तालाब में शव दिखाई देने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई थी.
पोस्टमॉर्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल शव नारायणपुर थाना में रखा गया है. जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. मामले की जांच भी जारी है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो दिनों में तालाब से मिले दो शव
इस घटना से एक दिन पहले गुरुवार देर शाम भैयाडीह के एक तालाब से तीन दिनों से लापता निकराज कुमार दास का शव मिला था. वह बुधुडीह गांव का रहने वाला था. लगातार दो दिनों में तालाब से दो शव मिलने के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, दोनों मामलों में मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.