Hazaribagh News: हजारीबाग के सीमावर्ती उरीमारी थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपियों को गुरुवार को केंद्रीय कारा, हजारीबाग भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
24 घंटे में पुलिस ने पांचों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी. उरीमारी ओपी प्रभारी रथू उरांव और पुलिस टीम की कार्रवाई में पांचों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद सभी से मामले को लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया.

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
उरीमारी ओपी प्रभारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ बड़कागांव थाना अंतर्गत उरीमारी ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गुरुवार को केंद्रीय कारा, हजारीबाग भेज दिया.
मामले के दूसरे पहलुओं की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पांचों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है.