Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-14

Purulia Crime News: पुरुलिया में प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, पॉलीथीन में शव लपेटकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा प्रेमी गिरफ्तार

Purulia Crime News: पुरुलिया जिले में शनिवार देर रात एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने जा रहे उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि युवक ने युवती की गला घोंटकर हत्या की. इसके बाद शव को बड़े पॉलीथीन में लपेटकर बाइक पर रखा और उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा.

बाइक पर खून के निशान देखकर पुलिस को हुआ शक
घटना बाघमुंडी थाना क्षेत्र की है. रात करीब 12:25 बजे पुलिसकर्मी पीपीएसपी कार्यालय के सामने ड्यूटी पर तैनात थे.
इसी दौरान उनकी नजर एक बाइक पर पड़ी. बाइक पर बड़ा पॉलीथीन बैग रखा था और उस पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे. पुलिस ने संदेह के आधार पर बाइक रुकवाई. जांच के दौरान पॉलीथीन से खून रिसता मिला. इसके बाद बाइक सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

पॉलीथीन खोलते ही सामने आया शव
पुलिस ने जब पॉलीथीन खोला तो उसमें युवती का शव मिला. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुरुमदा गांव निवासी अमित कुमार महतो के रूप में हुई है. मृतका की पहचान बुरदा गांव निवासी प्रितिका महतो के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, अमित और प्रितिका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे.

दूसरे युवक से संबंध के शक में विवाद
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अमित को प्रितिका के किसी दूसरे युवक से संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. शनिवार को प्रितिका अमित से मिलने उसके मेस पहुंची थी. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद अमित ने कथित तौर पर प्रितिका का गला घोंट दिया.

शव ठिकाने लगाने निकला था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद अमित ने शव को पॉलीथीन में लपेटा. फिर उसे बाइक पर रखकर ठिकाने लगाने के लिए निकल गया. लेकिन पीपीएसपी कार्यालय के पास पुलिस की नजर उस पर पड़ गई. बाइक पर खून के निशान और पॉलीथीन देखकर पुलिस को शक हुआ और आरोपी पकड़ा गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी अमित कुमार महतो को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है.

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस हत्या की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !