JSSC CGL Scam: JSSC CGL भर्ती घोटाले मामले में आरोपी अभय तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी की जमानत पर अब मंगलवार, 15 सितंबर को सुनवाई होगी. सोमवार को अदालत में दोनों की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी नहीं हो सकी.
सीआईडी ने कोर्ट में पेश की केस डायरी
अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में सोमवार को सीआईडी ने मामले की केस डायरी पेश की. सीआईडी के लोक अभियोजक ने डायरी का अध्ययन करने के लिए अदालत से समय मांगा. इसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर की तारीख तय कर दी. अब मंगलवार को दोनों आरोपियों की जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई होगी.
18 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी
सुषमा कुमारी और अक्षय तिवारी ने 28 अगस्त को जमानत के लिए अदालत में याचिका दाखिल की थी. इससे पहले सीआईडी दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी कर चुकी है. दोनों की गिरफ्तारी 18 अगस्त को हुई थी.
अभय तिवारी की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में अभय तिवारी की भूमिका की भी सीआईडी जांच कर रही है. वह गोड्डा के खाद आपूर्ति विभाग में पदस्थापित था.
बताया गया है कि अभय तिवारी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी TDPL में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम कर चुका है. इसी दौरान उसने JPSC और JSSC की कई परीक्षाएं पास की थीं.
पत्नी और भाई की नियुक्ति का आरोप
सीआईडी का आरोप है कि अभय तिवारी ने कथित फर्जीवाड़े के जरिए अपनी पत्नी, भाई और अन्य परिजनों की नियुक्ति कराई. इसी मामले में सुषमा कुमारी और अक्षय तिवारी भी जांच के दायरे में हैं.