Dhanbad News: वासेपुर के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है. पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से पुलिस ने यह कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, बंटी दुबई जाने की तैयारी में था. उसके पास से पासपोर्ट और वीजा भी मिला है.
कोलकाता में छिपा था बंटी
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है. इसके बाद धनबाद पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की.
इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
एयरपोर्ट से दुबई जाने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि बंटी खान कोलकाता एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई जाने की कोशिश में था. हालांकि, विदेश रवाना होने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया. बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. धनबाद पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी.
प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद पुलिस बंटी खान से पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में प्रिंस खान के गिरोह, रंगदारी के नेटवर्क और विदेश में मौजूद गिरोह के सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है. इससे पहले पुलिस ने प्रिंस खान से जुड़े मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था. वह भी विदेश भागने की तैयारी में था. अब पुलिस बंटी खान को ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की तैयारी कर रही है.