Dhanbad News: रेलवे की ओएचई लाइन से छेड़छाड़ के कारण धनबाद रेल मंडल में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ. चोरों ने दो अलग-अलग जगहों पर तार और ओएचई फिटिंग को नुकसान पहुंचाया. इस वजह से कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि एक ट्रेन धनबाद स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रही.
कुसुंडा के पास काटा एंटी क्रिप वायर
पहली घटना कुसुंडा-तेतुलमारी लिंक लाइन पर कुसुंडा स्टेशन के पास हुई. यहां ओएचई लाइन का एंटी क्रिप वायर काट दिया गया. सुबह करीब सात बजे रेलवे के कीमैन ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया.
ओएचई लाइन में आई खराबी के कारण धनबाद से चली धनबाद-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को कुसुंडा के पास रोकना पड़ा. वहीं, जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस धनबाद स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रही.
कटोतिया साइडिंग के पास कांटेक्ट वायर को नुकसान
दूसरी घटना टोरी-शिवपुर रेलखंड में कटोतिया साइडिंग के पास सामने आई. यहां चोरों ने करीब आठ स्पान का कांटेक्ट वायर काट दिया. ओएचई की फिटिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया.
मरम्मत के बाद सामान्य हुआ परिचालन
दोनों स्थानों पर रेलवे की तकनीकी टीम ने मरम्मत का काम पूरा किया. इसके बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो गया.
घटनाओं के बाद रेलवे ने ओएचई लाइन और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है. मामले को लेकर रेलवे स्तर पर भी जांच की जा रही है.