Chakradharpur Crime News: चक्रधरपुर में गुरुवार दोपहर एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी के वार्ड नंबर 7 में महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की उनके किराए के कमरे में हत्या कर दी गई. सोनुवा प्रखंड में तैनात अनीता बिंद पर धारदार हथियार से कई वार किए गए. घटना के बाद कमरे से निकलकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने खुद को अनीता का प्रेमी बताया है.
15 दिन पहले ही किराए पर रहने आई थीं
अनीता बिंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर गांव की रहने वाली थीं. वह पिछले करीब 15 दिनों से संजय साव के मकान में अकेले किराए पर रह रही थीं. गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अनिल कुमार उनसे मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था. कुछ देर बाद ऊपर के कमरे से चीखने और शोर की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे.
कमरे से निकलकर भाग रहा था युवक
इसी दौरान अनिल कुमार मकान से बाहर निकलकर तेजी से भागने लगा. स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. इसके बाद पड़ोसी कमरे के अंदर पहुंचे. वहां अनीता गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी थीं. उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. वहीं हिरासत में लिए गए अनिल कुमार बिंद से पुलिस पूछताछ कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक अनीता और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं.
हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
वारदात की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या के कारणों की स्थिति और साफ हो सकेगी.