Lohardaga Crime News: लोहरदगा स्तिथ भंडरा थाना क्षेत्र के नंदिनी डैम में मोटरसाइकिल धोने पहुंचे युवक से हथियार के बल पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पांच युवकों ने देसी कट्टा दिखाकर सुमित उरांव से रुपये मांगे. जेब में नकद पैसे नहीं होने पर QR Code के जरिए 3500 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए. घटना के बाद पुलिस ने एक Maruti 800 कार जब्त की है. कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
मोटरसाइकिल धोने डैम पहुंचा था सुमित
भीठा गांव निवासी लालदेव उरांव का बेटा सुमित उरांव अपनी मोटरसाइकिल धोने नंदिनी डैम गया था. वह डैम के पास अकेला था. इसी दौरान पांच युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि युवकों ने सुमित को देसी कट्टा दिखाया और उससे पैसे की मांग की. सुमित ने नकद रुपये नहीं होने की बात कही.
QR Code से कराया 3500 रुपये का Payment
नकद पैसे नहीं मिलने पर युवकों ने सुमित से QR Code के जरिए रुपये भेजने को कहा. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उससे 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए. बताया जा रहा है कि पैसे भेजने के बाद सुमित ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए रुपये वापस करने की बात कही. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 2500 रुपये वापस कर दिए.
कार जब्त, तीन युवक हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक Maruti 800 कार जब्त की है. कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस उनसे घटना को लेकर पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.