IndiGo Service Charges: IndiGo से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त सेवाएं अब पहले के मुकाबले महंगी हो गई हैं. एयरलाइन ने कई ऐड-ऑन सर्विस की फीस में बदलाव किया है. इसका असर खासतौर पर बच्चों के साथ यात्रा करने वाले और अतिरिक्त सामान ले जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा.
शिशु टिकट और एक्स्ट्रा बैगेज की फीस बढ़ी
IndiGo ने घरेलू उड़ानों में शिशु शुल्क बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया है. वहीं, एयरपोर्ट पर तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अब 800 रुपये प्रति किलो शुल्क लागू है. यानी अतिरिक्त सामान के साथ एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है.
अकेले सफर करने वाले बच्चों के लिए 5,999 रुपये शुल्क
बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले बच्चों के लिए IndiGo की “Unaccompanied Minor”
सेवा की घरेलू उड़ानों में फीस 5,999 रुपये है. इस सेवा के तहत अकेले यात्रा करने वाले बच्चे के लिए एयरलाइन की निर्धारित प्रक्रिया लागू होती है. एयरपोर्ट पर Fast Forward जैसी प्राथमिकता सुविधा लेने वाले यात्रियों के लिए शुल्क 650 रुपये दर्ज है. इसके तहत प्राथमिकता चेक-इन और बोर्डिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं.
Travel Certificate भी हुआ महंगा
यात्रा प्रमाणपत्र यानी Travel Certificate के लिए अब 300 रुपये शुल्क है. अगर यह सुविधा कॉल सेंटर के जरिए ली जाती है तो प्रति यात्री और प्रति सेक्टर अतिरिक्त 100 रुपये शुल्क लागू हो सकता है. IndiGo की ये सेवाएं वैकल्पिक ऐड-ऑन के तौर पर ली जाती हैं. इसलिए यात्रियों को टिकट बुक करते समय अपने सामान, बच्चे की यात्रा और जरूरी अतिरिक्त सेवाओं से जुड़े शुल्क की जानकारी पहले ही देख लेना चाहिए.