Jharkhand News: झारखंड सरकार ने यहां आधुनिक डिजिटल डेंटल लैब बनाने की मंजूरी दी है. इस लैब में AI तकनीक का इस्तेमाल होगा. स्वास्थ्य विभाग ने साल 2026 27 के लिए इसके लिए 2 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये मंजूर किए हैं.
एक ही जगह मिलेगा कई तरह का इलाज
लैब शुरू होने के बाद मरीजों को दांतों से जुड़ी कई जटिल समस्याओं का इलाज एक ही जगह मिल सकेगा. खास तौर पर एंडो और ऑर्थो से जुड़ी सुविधाएं यहां उपलब्ध होंगी. अभी ऐसे इलाज के लिए कई मरीजों को निजी सेंटरों का रुख करना पड़ता है. वहां इलाज का खर्च भी ज्यादा होता है. नई सुविधा के बाद सदर अस्पताल में ये सेवाएं सरकारी दर पर मिल सकेंगी.
कैंसर मरीजों के लिए भी होगी सुविधा
इस लैब में कैंसर मरीजों के लिए 3D प्रिंटेड ऑब्ट्यूरेटर बनाने की सुविधा भी शुरू की जाएगी. इससे जरूरत वाले मरीजों को अस्पताल में ही यह सुविधा मिल सकेगी. लैब और मशीनों पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये सरकार ने इस योजना के लिए बजट भी तय कर दिया है. उपकरणों और क्लीनिकल सपोर्ट सिस्टम पर 1.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे.स्टाफ के लिए 25 लाख रुपये रखे गए हैं.
दो साल के रखरखाव पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. लैब बनाने के लिए 15 लाख रुपये दिए जाएंगे. बाकी राशि कंप्यूटर, फर्नीचर और रोजमर्रा के खर्च में इस्तेमाल होगी. इस पूरी योजना का पैसा राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं और आयुष्मान भारत के बजट से दिया जाएगा. लैब शुरू होने के बाद रांची सदर अस्पताल में दांतों के इलाज से जुड़ी कई आधुनिक सुविधाएं एक ही जगह मिलने लगेंगी.