Jamshedpur: कोवाली थाना क्षेत्र के चांपी गांव में 13 जुलाई की देर रात घर में घुसकर वृद्धा निरासी सरदार की धारदार हथियार से हत्या और उनकी बेटी व नातिन पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिशुघर सरदार और विक्रम सरदार शामिल हैं। इस मामले में तीसरे आरोपी जितेन सरदार के खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना का खुलासा शनिवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में किया।
हत्या में प्रयुक्त कुदाल और चापड़ बरामद
पुलिस ने इस जघन्य वारदात में प्रयुक्त कुदाल और चापड़ को बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि जमीन को लेकर निरासी सरदार से पहले से विवाद था। इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की योजना बनाई थी। निरासी को मारने के इरादे से वे घर में घुसे, लेकिन वारदात के समय बेटी गुलाबी सरदार और नातिन संध्या सरदार की नींद खुल गई, जिस पर दोनों पर भी चापड़ से हमला कर दिया गया। हालांकि, उनकी हत्या की मंशा नहीं थी।
एक की मौत, दो की हालत गंभीर
घटना के समय ही वृद्धा निरासी सरदार की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल गुलाबी और संध्या सरदार का इलाज रिम्स रांची में चल रहा है। दोनों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
रिश्तेदारों पर लगा आरोप, संपत्ति विवाद बना कारण
पीड़िता की दूसरी बेटी गीता सरदार, जो जमशेदपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है, ने थाने में दिए अपने बयान में कहा कि यह हमला संपत्ति विवाद के चलते हुआ और आरोपियों में सभी रिश्तेदार हैं जो पास में ही रहते हैं।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
पुलिस ने इस मामले में सक्रियता दिखाते हुए छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी टीम में कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान, एसआई अजंता महतो, सिदो मुर्मू और आरक्षी रविंद्र सरदार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अब तीसरे आरोपी जितेन सरदार की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।