Jamshedpur: झारखंड निबंधन विभाग दो साल के बाद जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत जैसे नगर निकायों के अलावा जिले के सेंसस टाउन में भी जमीन की न्यूनतम दर में बढ़ोतरी करने जा रहा है। जिला सब रजिस्ट्रार उपायुक्त से अनुमति लेकर दरों में बढ़ोतरी करेंगे। नई दर एक अगस्त से प्रभावी होगी।
जहां तक सेंसस टाउन में दर बढ़ने की बात है, इनमें जमशेदपुर अंचल के 18, घाटशिला के 10, बहरागोड़ा के आठ, धालभूमगढ़ के तीन, मुसाबनी के पांच, डुमरिया का एक जबकि पोटका के दो मौजा शामिल है। आवासीय भूमि की तुलना में व्यावसायिक भूमि की दर सीधे दोगुनी होगी।
सोनारी और उलियान में मकान 6061 प्रति वर्गफीट
सोनारी और उलियान में फ्लैट की कीमत सबसे अधिक होगी। दोनों जगहों पर न्यूनतम दर प्रति वर्गफीट 6061 रुपये हो जाएगी। पहले 5510 रुपये प्रति वर्गफीट मकान की दर थी। सोनारी सबसे महंगा इलाका होगा। वहां प्रति डिसमिल 11,57,064 रुपये हो जाएगी। अभी इसकी दर 10,51,876 प्रति डिसमिल है। दूसरे नंबर पर कदमा का उलियान मौजा है। वहां जमीन 8,40,716 रुपये डिसमिल है।
दर तो 24 प्रतिशत तक बढ़ी, पर शामिल नहीं
मानगो के वार्ड नौ और उलियान मौजा में मकान की कीमतों में करीब 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। परंतु निबंधन नियमों के अनुसार 20 प्रतिशत से अधिक दर वाले मौजा को इसमें शामिल नहीं करना है। और वहां भी औसतन 10 प्रतिशत या फिर 10 से 20 प्रतिशत के बीच बढ़ोतरी करनी है।
सेंसस टाउन में सबसे महंगी जमीन कीताडीह की
सेंसस टाउन में कीताडीह की जमीन सबसे महंगी है। यहां की एक डिसमिल मेन रोड की जमीन की कीमत आठ लाख है। ब्रांच रोड की कीमत भी 6.66 लाख डिसमिल है। बागबेड़ा की जमीन मात्र 2.83 और 2.36 लाख प्रति डिसमिल है। गदड़ा में जमीन की कीमत क्रमश: 3,43,574 और 2,86,311 रुपए प्रति डिसमिल है।