Jamshedpur Proud Moment: जमशेदपुर झारखंड की धरती एक बार फिर गर्व से ऊंची हो गई है। जमशेदपुर के मानगो निवासी स्नेहा कुमारी ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपने देश और अपने लौहनगरी जमशेदपुर का नाम विश्व भर में रोशन किया है। सोमवार को स्नेहा के टाटानगर रेलवे स्टेशन आगमन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जमशेदपुर महानगर के ज़िला अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में स्नेहा का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति और नारी सम्मान के नारों से गूंजने लगा । स्वागत के दौरान स्वर्ण पदक विजेता स्नेहा कुमारी को फूलों का गुलदस्ता दे कर अंगवस्त्र दे कर सम्मानित किया गया । एवं उनको बधाई व उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गयी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय युवा, खेलप्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने स्नेहा कुमारी के उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि स्नेहा की यह उपलब्धि नारीशक्ति, आत्मबल और कठोर परिश्रम की जीत है। वे उन बेटियों के लिए प्रेरणा हैं जो सीमित संसाधनों के बीच भी बड़े सपने देखती हैं, और उन्हें साकार करती हैं।
वहीं, स्नेहा कुमारी ने भी सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं बल्कि हर उस बेटी का है। जो अपने सपनों पर विश्वास रखती है। मेरा सपना है कि झारखंड की और भी बेटियाँ अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का परचम लहराएं। उन्होंने लौहनगरी जमशेदपुर और अपने सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।