Meta Description
Jamshedpur: बर्मामाइंस ईस्टप्लांट बस्ती में सोमवार शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई, जो देखते ही देखते तलवारबाजी और लाठी-डंडों के खूनी संघर्ष में बदल गई. इस हिंसक घटना में एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है.
घायलों में एक पक्ष से जगजीवन सिंह और लीला देवी, जबकि दूसरे पक्ष से राजीव कुमार, आयुष कुमार, संजीव कुमार और ऋतिक कुमार शामिल हैं. घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने थाना में लिखित शिकायत दी है और एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है. इसमें आयुष कुमार की अंगुली कट गई है, संजीव कुमार के सिर में गहरा जख्म है और लीला देवी को नाक में चोट आई है. तीनों की हालत गंभीर है.
अश्लील इशारों से शुरू हुआ विवाद, तलवार तक पहुंचा मामला
एक पक्ष से जगजीवन सिंह के बहनोई ने बताया कि घटना के वक्त वे ड्यूटी पर थे. तभी राजीव कुमार, संजीव सिंह और अन्य लोग उनके घर में घुस आए और तलवार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी सास लीला देवी और साला जगजीवन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष से उनकी पत्नी को अश्लील इशारे किये जाते है, इसी से विवाद और गहरा गया.
वहीं दूसरे पक्ष से राजीव कुमार ने बताया कि जगजीवन सिंह का भांजा मंगल उन पर अभद्र टिपण्णी कर रहा था, जब वे पूछने गए तो उन्होंने तलवार से हमला कर दिया. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका है और इसकी शिकायत थाने में पहले भी की गई थी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है.