Jamshedpur: तीसरी सोमवारी को लेकर सूर्य मंदिर समिति द्वारा आयोजित जलाभिषेक यात्रा 2025 की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह यात्रा 28 जुलाई को सुबह 7 बजे बाराद्वारी स्थित सूर्य मंदिर मैदान से शुरू होगी, जिसमें 21 हजार से अधिक श्रद्धालु भाग लेंगे। श्रद्धालु सुल्तानगंज से लाए गए गंगाजल से सूर्य मंदिर शिवालय में जलाभिषेक करेंगे।
समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि यह आयोजन विगत वर्षों की भांति इस बार भी भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में किया जाएगा। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में बैंडबाजा, ढोल-नगाड़े, रथ, पालकी व झांकियों के साथ शोभायात्रा में शामिल होंगे। आयोजन की शुरुआत आरती व गंगाजल पूजन से होगी, जिसके पश्चात भक्तगण हरहर महादेव का जयघोष करते हुए यात्रा पर निकलेंगे।
यात्रा मार्ग में स्वच्छता व ठंडे पेयजल की व्यवस्था के तहत 20 प्रसाद वितरण व 15 जल काउंटर लगाए जाएंगे। 200 से अधिक स्वयंसेवक पूरे मार्ग में यातायात नियंत्रण, जलपान व अनुशासन बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।
समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर सूर्य मंदिर परिसर को भव्य विद्युत सज्जा और पुष्प सजावट से सजाया जाएगा। इस दौरान परंपरागत वाद्ययंत्र, दीपमालाएं व मंत्रोच्चार की गूंज रहेगी। समिति द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो एंबुलेंस, मेडिकल टीम, और प्रशासनिक सहयोग भी सुनिश्चित किया गया है।