Illegal Ganja In Pakur: पाकुड़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्यादापुर बेलडांगा में अवैध रूप से गांजा भंडारण एवं बिक्री की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री समीर एल्फ्रेड मुर्मू के नेतृत्व में दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी दल गठित किया गया। पु.नि. प्रयाग दास (थाना प्रभारी, नगर थाना) की अगुवाई में 25 जुलाई को विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें दुलाल रविदास पिता-गांगों रविदास, निवासी- बेलडांगा प्यादापुर के घर पर छापा मारा गया।

छापेमारी के दौरान घर से कुल 726 ग्राम अवैध गांजा, दो इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन (एक बड़ा, एक छोटा), गांजा पैकिंग हेतु उपयोग होने वाला प्लास्टिक पैकेट (250 ग्राम), तथा ₹2,920 नगद राशि बरामद की गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या-203/2025 दिनांक 26.07.2025 के तहत धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य संभावित अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी व पुलिसकर्मी,पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रयाग राज, राहुल गुप्ता,विनोद कुमार,सनातन मांझी,सुशीला माड़ी,हवलदार रिकू यादव और गंगा सागर। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के विरुद्ध जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी। अवैध मादक पदार्थों के व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।