Jamshedpur: जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन ने कोर्ट परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं की बढ़ती गतिविधियों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आज एक अहम नोटिस जारी किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रतिंद्रनाथ दस और महासचिव राजेश रंजन के आदेशानुसार यह नोटिस जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि नए व पुराने कोर्ट परिसर में कुछ लोग अवैध तरीके से अधिवक्ता बनकर आम जनता को ठग रहे हैं। यह न केवल नागरिकों को भ्रमित कर रहा है बल्कि अधिवक्ताओं की गरिमा और उनके अधिकारों का भी हनन है।

बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की फर्जी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में, आज जिला बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य अनंत गोप के नेतृत्व में कई अधिवक्ता नए रजिस्ट्रार से मिले। उन्होंने रजिस्ट्रार को पुष्पगुच्छ भेंट कर "डीड", "रजिस्ट्री", "कोर्ट मैरिज" जैसे कार्यों के दौरान अधिवक्ताओं के पहचान पत्र (आई कार्ड) की जांच अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया।
रजिस्ट्रार ने अधिवक्ताओं की बात को गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि उचित जांच के बाद ही कोई भी विधिक कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिवक्ता मोहम्मद आफताब आलम, रविंदर ठाकुर, एम.पी. सिंह, सलिल, जितेंद्र कुमार सहित कई अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन की इस पहल को अधिवक्ताओं के हित और न्याय व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।