Meta Description
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा सरकारी स्कूलों के छात्रों को निजी कंपनियों और संस्थानों में शैक्षणिक भ्रमण का अवसर देने के लिए प्रोजेक्ट अन्वेषण 2.0 की शुरुआत की जा रही है। इसको लेकर बुधवार को जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल ने समाहरणालय सभागार में विभिन्न कंपनियों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री अनिकेत सचान भी उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट अन्वेषण के पहले चरण की सफलता के बाद इस बार दूसरे चरण में जिले के 25 सरकारी स्कूलों के 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को शामिल किया गया है। इन बच्चों का एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम 8 मई को आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान छात्रों को जेआरटी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शूटिंग रेंज, टाटा मोटर्स, सीएसआईआर-एनएमएल, रूसी मोदी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एनटीटीएफ, टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज, जेएन टाटा वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, आईडीटीआर-कमिंस और जूलॉजिकल पार्क जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य छात्रों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, अनुशासन, निर्माण प्रक्रियाएं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा, शहरी प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण जैसे विषयों की व्यावहारिक जानकारी देना है। साथ ही यह भ्रमण छात्रों को भविष्य की करियर संभावनाओं और उद्योगों की कार्यप्रणाली से अवगत कराने का एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक में गर्मी को देखते हुए छात्रों के परिवहन, भोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यह प्रयास न सिर्फ छात्रों के समग्र विकास में सहायक होगा, बल्कि उन्हें प्रेरणा और भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा।