• 2025-08-11

Health Minister Irfan Ansari: जामताड़ा में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दवा खाकर दिया संदेश

Health Minister Irfan Ansari: झारखंड के जामताड़ा जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) कार्यक्रम के तहत फाइलेरिया उन्मूलन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर किया। उन्होंने स्वयं दवा का सेवन कर आम जनता को निःसंकोच दवा खाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान जामताड़ा के सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन ने मंत्री को शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर एडिशनल डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार सिंह, एनटीटी कोऑर्डिनेटर अभिषेक पॉल, डॉ. डी.सी. मुंशी, एलआईसी हेड शंकर पॉल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सिविल सर्जन और डायरेक्टर ने फाइलेरिया रोग की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह एक लाइलाज बीमारी है, जो एक बार होने पर जीवन भर साथ रहती है। 

झारखंड राज्य भी इस बीमारी से प्रभावित है, इसलिए राज्य के लगभग 4 करोड़ लोगों को यह दवा अनिवार्य रूप से लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह दवा केवल दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को नहीं दी जानी चाहिए। 

बाकी सभी को इसका सेवन अवश्य करना चाहिए। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग राज्य में बेहतर कार्य कर रहा है, हालांकि विपक्ष अनावश्यक रूप से इसकी आलोचना करता है। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा पर राजनीति की जा रही है और कुछ लोग मनमाने ढंग से हड़ताल पर चले जाते हैं, जिससे आम जनता की जान को खतरा होता है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही 108 एम्बुलेंस सेवा को सिविल सर्जनों को सौंपा जाएगा, जिससे संचालन में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके।

इसके अलावा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्यभर में 250 नई एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही 10,000 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसका सबसे अधिक लाभ जामताड़ा को मिलेगा।

यह अभियान राज्य में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिसमें आम जनता की भागीदारी और जागरूकता को प्राथमिकता दी जा रही है। इस मौके पर अजहरुद्दीन अंसारी, विनोद छतरी, आरसी, बीरबल अंसारी, मोबासिर नवाज़, विभाग के कर्मी आशीष चौबे, रत्नेश, स्वास्थ्य सहिया, नर्स, एवं विभाग के कई कर्मी और गणमान्य उपस्थित रहे।