आदित्यपुर में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर थाना शांति समिति की बैठक थाना परिसर में संपन्न हुई। बैठक में खराब सड़कों की मरम्मत, गली मोहल्लों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट की मरम्मत सहित कई विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए फैसले
बैठक में कई अहम निर्णय लिये गये, जिसमें मुख्य रूप से असामाजिक तत्वों से निबटने के लिए पंडाल संचालकों को पंडाल में आवश्यक रूप से सीसीटीवी लगानी होगी। उन्हें आगजनी जैसी आशंकाओं को देखते हुए फायर सिस्टम और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी आवश्यक रूप से करनी होगी। एसडीपीओ समीर कुमार सर्वैया ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त रहेगी।
दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की व्यवस्था
पार्किंग की व्यवस्था पंडाल संचालकों के साथ विशेष बैठक कर की जायेगी। सड़क पर किसी तरह की पार्किंग नहीं होगी। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह ही इस बार भी आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान और राममड़ैया बस्ती साइड में मेजर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। षष्ठी के दिन से दोपहर 2 बजे से सभी तरह के कॉमर्शियल वाहनों के आदित्यपुर में प्रवेश वर्जित कर दिया जायेगा। थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की ने पूजां समितियों को हरसंभव सहयोग करने की बात कही। बैठक में नगर निगम, बिजली विभाग और अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
पुलिस और पूजा समिति के लिए संदेश
दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार में सुरक्षा, स्वच्छता और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा का आनंद ले सकें। पंडालों में सीसीटीवी, फायर सिस्टम और पेयजल की व्यवस्था करना न सिर्फ नियम का पालन है, बल्कि यह जनता की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा दायित्व भी है। प्रशासन और पूजा समितियों के संयुक्त कोशिश से ही शांति वातावरण में पर्व सफल हो सकता है।