Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ. भगवानपुर ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर दो सगी बहनों का शव बरामद किया गया है. दोनों बहनें अलग-अलग बैंकों में पीओ के पद पर कार्यरत थीं.
मृतकों की पहचान दानापुर शांति नगर मोहल्ला निवासी शंकर शाह की पुत्री स्वाति शाह और सरूचि शाह के रूप में हुई है. बड़ी बहन स्वाति केनरा बैंक में कार्यरत थीं जबकि छोटी बहन सरूचि एसबीआई में कार्यरत थीं. जानकारी के अनुसार बड़ी बहन रुचि की शादी इसी साल फरवरी माह में मधुबनी जिले के अन्नपुरा निवासी पीयूष कुमार झा से हुई थी. पीयूष झा दिल्ली में मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस में साइंटिफिक ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं. जबकि छोटी बहन अविवाहित थीं.
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बहनें ट्रेन से उतर रही थीं तभी यह हादसा हुआ. दोनों ओर से ट्रेन आवाजाही की वजह से वे बच नहीं सकीं. हादसे के बाद घटनास्थल से उनका बैग, टिफिन, चप्पल और अन्य सामान भी बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि एक बहन का पैर कट गया जबकि दूसरी बहन का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है.
घटना की सूचना पर मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई. जीआरपी और सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस उनके मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.