Chapra: 18 सितंबर (गुरुवार) को सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमनौर–सोनहो एसएच-73 मुख्य मार्ग पर खोरी पाकर स्थित भारत पेट्रोलियम पंप से लगभग 100 मीटर दूर हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल, परसा की बच्चों से भरी बस और सामने से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अमनौर, बिशुनपुरा, लच्ची समेत आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। जैसे ही बस अमनौर पोखरा से आगे बढ़ी और पेट्रोल पंप पार किया, तभी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। इनमें से 10 बच्चे घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल बच्चे खतरे से बाहर हैं।
हादसे के बाद स्कूल बस चालक और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही अमनौर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर जाम हटाकर यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि दोनों ड्राइवरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।