Meta Description
Jamshedpur: शहर के विभिन्न स्कूलों के आसपास 100 मीटर के दायरे में सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। कानून के स्पष्ट प्रावधानों के बावजूद, प्रशासन और विशेष रूप से एसडीओ कार्यालय की लापरवाही ने अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के बीच गहरी चिंता पैदा कर दी है।
शहर के प्रमुख स्कूलों, जैसे कि नारभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के गेट से थोड़ी दूरी पर खुलेआम सिगरेट, गुटखा, तंबाकू उत्पाद और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। कई दुकानदार बिना किसी डर के इन सामग्रियों को नाबालिगों तक भी बेच रहे हैं, जो सीधा कानून का उल्लंघन है।
सरकार द्वारा स्पष्ट आदेश हैं कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। इसके बावजूद, स्थानीय प्रशासन और विशेषकर एसडीओ की निष्क्रियता से सवाल उठ रहे हैं। क्या प्रशासन इस खुले उल्लंघन से अनजान है या जानबूझकर आंखें मूंदे हुए है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस विषय में शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा हुआ। कुछ स्थानों पर महज खानापूर्ति कर दुकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया, लेकिन बिक्री बदस्तूर जारी है।
एक अभिभावक ने पहचान न बताने का आग्रह करते हुए कहा, "बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। कुछ महीनों पहले प्रशासन ने खानापूर्ति करते हुए कुछ दुकानों की जांच कर उन्हें हिदायत भी दिया था मगर वहीं हुआ जो हमेशा से होते आया है। बाकी इसके आगे सोचने के लिए आप खुद समझदार है।"
आम जनता और अभिभावकों ने प्रशासन से तत्काल सख्त कदम उठाने और स्कूलों के आसपास से पूरी तरह नशे के सामान की बिक्री समाप्त करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जमशेदपुर का प्रशासन और एसडीओ कब तक इस गंभीर समस्या पर चुप रहते हैं, और कब इसे लेकर ठोस कार्रवाई करते हैं।