Jamshedpur News: भारतीय उद्योग के जनक जमशेदजी टाटा के सपनों का शहर लौहनगरी जमशेदपुर इन दिनों एक अलग कारण से सुर्खियों में है. शहर में यह चर्चा जोरों पर है कि टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई जुस्को गरीब तबके के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. आरोप है कि जुस्को के लोग जुबिली पार्क में झालमुढ़ी बेचने वालों को जबरन हटाने का अभियान चला रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज मेहनत-मजदूरी कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले ये छोटे व्यापारी पार्क में अपना धंधा चला रहे थे. लेकिन अब उन्हें यहां से खदेड़ा जा रहा है. पीड़ितों का कहना है कि उनकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है और जिला प्रशासन भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है.
इधर, जमशेदपुर महानगर भाजपा ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे गरीबों के साथ अन्याय करार दिया है. पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और युवा नेता नीरज सिंह मंगलवार को पार्क पहुंचे और खुद झालमुढ़ी बेचकर जुस्को को खुली चुनौती दी. भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा गरीब विक्रेताओं को परेशान किया गया तो वे जुस्को और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेंगे.
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस पूरे विवाद पर जुस्को और जिला प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है.