Jamshedpur Bagbera Police In Action: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ला में 17 सितंबर की शाम को हुए गोलीकांड के दोनों फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए. पुलिस ने छापामारी कर बादल समासी और करन पात्रो को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है.

गौरतलब है कि 17 सितंबर की रात करीब साढ़े सात बजे गांधी नगर मोहल्ले में अपराधियों ने पोपो मुंडा को गोली मारकर घायल कर दिया था. इस मामले में बागबेड़ा थाना कांड संख्या 96/25 दर्ज की गई थी और बादल समासी तथा करन पात्रो को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे.
पुलिस को 25 सितंबर को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर लौटे हैं. सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने छापामारी कर दोनों को बादल समासी के घर से दबोच लिया. पूछताछ में आरोपियों ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
हथियार बरामदगी को लेकर बागबेड़ा थाना में कांड संख्या 98/25 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी बादल समासी (21) विजय समासी का पुत्र है, जबकि दूसरा आरोपी करन पात्रो (17) सल्लु पात्रो का पुत्र है. दोनों गांधी नगर, थाना बागबेड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम के रहने वाले हैं.
पुलिस ने बताया कि बादल समासी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. साल 2021 में उस पर बागबेड़ा थाना कांड संख्या 55/21 (धारा 380 भादवि) दर्ज किया गया था.
छापामारी दल में थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, जेवियर होरो, आलोक कुमार, संतोष कुमार और सुनील कुमार यादव शामिल थे.