Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला थाना क्षेत्र के हाथीमारा गांव में की गई, जहां छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, शराब बनाने के उपकरण, स्टीकर, ढक्कन और पैकिंग सामग्री बरामद की है।
बरामद हुए सामान
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को बताया कि यह छापेमारी मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बता दे कि छापेमारी के दौरान करीब 248 पेटी यानी लगभग 2019 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपये होने की संभावना है। इस शराबों को अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने दो लोगों दीपक नापित (37 वर्ष, ग्राम पदमपुर) और लुगनी हेंब्रम (32 वर्ष, ग्राम जोजोडीह) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं। जब पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की तो और कई अन्य नामों का भी खुलासा हुआ, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब कारोबार पर कड़ा प्रहार है। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।