उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल स्थित एक होटल में झारखंड यूरोलॉजी सोसाइटी (इस्ट जोन चैप्टर ऑफ यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया) द्वारा आयोजित 34वें वार्षिक सम्मेलन के उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यूरोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई
उन्होंने कहा कि यूरोलॉजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और यह देखकर प्रसन्नता होती है कि हमारे देश के चिकित्सक इन आधुनिक तकनीकों को आत्मसात कर विश्वस्तरीय उपचार प्रदान कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि छोटे शहरों में यूरोलॉजिस्ट की कमी के कारण अनेक मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
राज्यपाल ने स्वास्थ्य जागरूकता पर बल देते हुए
राज्यपाल ने स्वास्थ्य जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि पथरी, प्रोस्टेट और मूत्र संक्रमण जैसी बीमारियां आज आम होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पथरी के दर्द को सामान्य दर्द समझ लेते हैं और मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खुद ही उपचार करने लगते हैं, जिससे बीमारी बढ़ जाती है और जटिल स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें, किसी भी असामान्य लक्षण को हल्के में न लें और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।
जीवनशैली के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर
उन्होंने खानपान और जीवनशैली के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, क्योंकि स्वस्थ आदतें ही स्वस्थ जीवन का आधार हैं। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और जन औषधि केंद्रों जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये करोड़ों नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में वरदान साबित हुई हैं। उन्होंने कहा, "स्वस्थ भारत ही समृद्ध भारत का आधार है।"
समाज के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में भी सार्थक योगदान
राज्यपाल ने चिकित्सकों को समाज के लिए जीवनदायिनी और नई आशा का स्रोत बताते हुए कहा कि चिकित्सा विज्ञान मानवीयता का सर्वोच्च रूप है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मेलन न केवल ज्ञानवर्धक हैं, बल्कि समाज के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में भी सार्थक योगदान देते हैं। अंत में, राज्यपाल ने सभी राज्यवासियों को आगामी पर्व धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।